सर्वोदय बालिका विद्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

An image for the post

छात्राओं से संवाद कर सुविधाओं का लिया जायजा, भोजन की गुणवत्ता भी परखी गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने शुक्रवार को जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, चकेरी, ऊपरवार, सैदपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के पुस्तकालय, अभ्युदय कक्ष, नियंत्रण कक्ष और सीसीटीवी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद छात्रावास भवन पहुंचकर छात्राओं से उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बातचीत की। कुछ कमरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कक्षों में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता, समयबद्धता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। छात्राओं के भविष्य के लक्ष्यों और रुचियों के बारे में पूछते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को स्वयं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

दाल-चावल का स्वाद लेकर परखी भोजन की गुणवत्ता…

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रावास के भोजनालय और भंडार कक्ष का भी जायजा लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच करते हुए दाल और चावल का स्वयं स्वाद लिया। भंडार कक्ष में दाल, चावल, तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री की उपलब्धता, स्वच्छता और रख-रखाव का निरीक्षण किया। खाद्य सामग्री पर्याप्त और सुव्यवस्थित मिलने पर उन्होंने वर्तमान व्यवस्था को नियमित रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए।

खेल सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश….

जिलाधिकारी ने विद्यालय के खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए छात्राओं के शारीरिक स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। उन्होंने मैदान में बैडमिंटन और वॉलीबॉल खेलने की समुचित व्यवस्था विकसित करने के साथ छात्राओं के लिए पैदल भ्रमण की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मैदान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ, स्वस्थ और सुविधाजनक वातावरण मिलना जरूरी है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपनी शिक्षा पूरी कर भविष्य के लक्ष्यों को हासिल कर सकें। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।