गाजीपुर। किसानों की शिकायत पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर सैदपुर तहसीलदार ने मेसर्स आनंद खाद भंडार, विकासखंड सैदपुर की जांच की। जांच में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने की पुष्टि होने पर संबंधित उर्वरक विक्रेता के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि किसानों को यूरिया समेत अन्य उर्वरक निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य पर ही उपलब्ध कराना अनिवार्य है। यदि कोई विक्रेता अधिक कीमत वसूलता है या यूरिया के साथ किसी कम प्रचलित उत्पाद को जबरन खरीदने के लिए बाध्य करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग ने किसानों को खरीफ और रबी मौसम में दलहन, तिलहन और मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के लिए बीज की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू की है। किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। अरहर, तिल, ज्वार, बाजरा, कोदो, सांवा और मडुवा/रागी के बीज मिनीकिट निशुल्क दिए जाएंगे। वहीं रबी सीजन के लिए चना, मटर, मसूर और सरसों के बीज की भी ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है।
किसान कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से वैज्ञानिक संस्तुतियों के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करने की अपील की है। आवश्यकता से अधिक खाद खरीदने और इस्तेमाल करने से खेती की लागत बढ़ने के साथ मिट्टी और पर्यावरण के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विभाग ने बेहतर गुणवत्ता वाली कृषि उपज के लिए हरी खाद, कम्पोस्ट, वर्मी कम्पोस्ट, नैनो डीएपी और नैनो यूरिया जैसे विकल्पों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया है।
