सावन के चौथे सोमवार को सिधौना बाजार में दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

An image for the post

गाज़ीपुर। सावन के चौथे सोमवार को सिधौना बाजार में उस समय मातम पसर गया, जब सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश बेनवंशी पुत्र छोटू बेनवंशी, निवासी सिधौना (बारी) के रूप में हुई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एनएच-31 पर गाजीपुर की ओर से आ रहा ट्रक वन-वे व्यवस्था के कारण दाहिनी लेन में चल रहा था। इसी दौरान प्रकाश बेनवंशी सड़क पार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वह ट्रक की दिशा का सही अंदाजा नहीं लगा सके और उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सिधौना बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही सिधौना चौकी इंचार्ज सुधीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को संभाला। कुछ देर बाद खानपुर थानाध्यक्ष राजीव पांडेय भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने डीसीएम की व्यवस्था कर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वायरलेस से सूचना देकर कैथी टोल पर रोका गया ट्रक…

हादसे के बाद पुलिस ने वायरलेस के माध्यम से आसपास के थानों और पुलिस टीमों को ट्रक के संबंध में सूचना दी। सूचना के आधार पर ट्रक को कैथी टोल प्लाजा पर रोक लिया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन-वे व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी…

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सावन सोमवार के दौरान लागू की जाने वाली वन-वे यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सावन सोमवार के दौरान जब भी इस क्षेत्र में वन-वे व्यवस्था लागू होती है, उस दौरान हादसों की आशंका बढ़ जाती है और पूर्व में भी कई लोग हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वन-वे व्यवस्था के दौरान यातायात संचालन को और सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही सड़क पार करने वाले राहगीरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, संकेतक और अन्य प्रभावी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।