विधायक जै किशन साहू ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- बुलडोजर संस्कृति को दिया जा रहा बढ़ावा

An image for the post

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की ओर से सोमवार को वीरांगना एवं पूर्व सांसद स्व. फूलन देवी की जयंती विधानसभा वार मनाई गई। इसी क्रम में सदर विधानसभा क्षेत्र के सुवापुर गांव स्थित यादव मैरिज हाल में विचार गोष्ठी आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने फूलन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि फूलन देवी बहादुर और साहसी होने के साथ ही संघर्ष की पर्याय थीं। उन्होंने जीवन में तमाम जुल्म और शोषण सहने के बावजूद संघर्ष जारी रखा और सड़क से संसद तक का सफर तय किया। उनका जीवन अपने आप में ऐतिहासिक मिसाल है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सदर विधायक जै किशन साहू ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जोर-जुल्म के खिलाफ संघर्ष करती रही है और पीड़ित तथा शोषित वर्ग के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने फूलन देवी के साथ हुए अन्याय को देखते हुए उनके खिलाफ लगे आरोपों को वापस लेने का निर्णय लिया और उन्हें मिर्जापुर से लोकसभा का टिकट देकर संसद तक पहुंचाने का काम किया।

विधायक ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भी गरीबों और कमजोर वर्गों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है और गरीबों के घर उजाड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पूंजीपतियों और सत्ता संरक्षित अपराधियों के हितों को संरक्षण देने में लगी है, जबकि गरीबों की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, सुशील जायसवाल, तहसीन अहमद, राहुल निषाद सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी इंद्रदेव निषाद ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार बिंद ने किया।