गाजीपुर। सावन के दूसरे सोमवार को दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गए 18 वर्षीय युवक की तेज धारा में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद युवक को गंगा से बाहर निकाला। उसे बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, भांवरकोल थाना क्षेत्र के शाहपुर उर्फ माधोपुर गांव निवासी आदित्य यादव (18) पुत्र छोटेलाल यादव सोमवार की सुबह करीब नौ बजे दोस्तों के साथ नरहीं थाना क्षेत्र के कोटवा-नरायणपुर गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचा था। सभी दोस्त गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आदित्य अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धारा की चपेट में आकर बहने लगा। आदित्य को डूबता देख उसके साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। घाट पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कोरंटाडीह पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। गंगा में बढ़े जलस्तर और तेज धारा के बीच गोताखोरों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आदित्य को पानी से बाहर निकाला। पुलिस उसे तत्काल बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे के गंगा में डूबने की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में कोटवा घाट पहुंच गए। पिता छोटेलाल यादव और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बाद में परिजन शव को लेकर गांव पहुंचे। घटना के बाद गांव में भी मातम छा गया।
गंगा में नहाते समय युवक डूबा, इलाज के दौरान मौत
