लखनऊ/गाज़ीपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की ओर से आयोजित UP T20 League के चौथे सीजन का आगाज 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने जा रहा है। लीग में प्रदेश की छह टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमों का लखनऊ पहुंचना शुरू हो गया है और खिलाड़ियों में टूर्नामेंट को लेकर खासा उत्साह है। इसी क्रम में गाज़ीपुर के क्रिकेट खिलाड़ी सचिन सिंह का चयन मेरठ मावेरिक्स टीम में हुआ है। मेरठ मावेरिक्स ने अपनी 25 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। मेरठ मावेरिक्स की टीम में सचिन सिंह (गाज़ीपुर), रिंकू सिंह (अलीगढ़), स्वस्तिक चिकारा (गाज़ियाबाद), जीशान अंसारी (लखनऊ), संदीप तोमर, अंकुर, प्रशांत चौधरी (मेरठ), दिनेश कुमार, अंश द्विवेदी (गाज़ियाबाद) और राहुल राज (प्रयागराज) सहित कई खिलाड़ी शामिल हैं। UP T20 League उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान कर रही है। इस लीग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के करीब 15 खिलाड़ी IPL जैसी बड़ी क्रिकेट लीग में भी खेल चुके हैं, जिससे प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है। मेरठ मावेरिक्स पिछले सीजन में UP T20 League की रनर-अप टीम रही थी। ऐसे में इस सीजन में भी टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। गाज़ीपुर के सचिन सिंह का मेरठ मावेरिक्स में चयन जिले के क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए उत्साह का विषय है। सचिन के चयन से गाज़ीपुर के स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को भी बड़े मंच पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
(प्रेस विज्ञप्ति)
