सनशाइन पब्लिक स्कूल,जमानियां में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

An image for the post

जमानियां, गाजीपुर। स्थानीय सनशाइन पब्लिक स्कूल, कसेरा पोखरा, जमानियां में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन सर्वानंद सिंह ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की खूब वाहवाही बटोरी।

विद्यालय के म्यूजिकल बैंड द्वारा प्रस्तुत ‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा’ की मनमोहक धुन समारोह का विशेष आकर्षण रही और सभी ने इसकी सराहना की। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्र की स्वतंत्रता एवं संप्रभुता के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित क्लस्टर प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ए.के. बघेल ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके संघर्ष के कारण ही देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। उन्होंने स्वतंत्र भारत को विकसित भारत बनाने की परिकल्पना को साकार करने में सभी के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह, प्रबंध निदेशिका पूजा सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। समारोह देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के उत्साह के साथ संपन्न हुआ।