गाजीपुर। एमएएच इंटर कॉलेज, गाजीपुर में 14 अगस्त को विज्ञान, आर्ट एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित अपने मॉडल एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रदर्शित कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सचिव आदरणीय भास्कर मिश्रा उपस्थित रहे।
उन्होंने विद्यार्थियों के मॉडल का अवलोकन करते हुए अपने संबोधन में कहा कि किसी काम को करने के भी कई बहाने होते हैं और न करने के भी कई बहाने होते हैं, लेकिन एमएएच इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शनी आयोजित कर यह साबित कर दिया है कि यह उन विद्यालयों की श्रेणी में है, जो समस्याओं में भी अवसर तलाशने का प्रयास करता है।
विशिष्ट अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद कुमार ने विद्यार्थियों के मॉडल देखकर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा पद्धति अब गतिविधि आधारित हो रही है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इस तरह की गतिविधियां सभी विद्यालयों में आयोजित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एमएएच इंटर कॉलेज पूरे जनपद के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत बन रहा है। उप जिलाधिकारी जखनिया हसन अब्बास ने भी प्रदर्शनी में लगाए गए सभी मॉडलों का निरीक्षण किया और विद्यालय की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में उप प्रबंधक जनाब तनवीर अहमद खान सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद खालिद अमीर ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले सामान्य एवं निर्धन परिवारों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उनकी प्रतिभा को उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी महंगे इंग्लिश मीडियम विद्यालय के विद्यार्थियों से कम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी इस बात का प्रमाण है कि एमएएच इंटर कॉलेज सामान्य एवं निर्धन परिवारों के बच्चों को कम खर्च में आज की आवश्यकता के अनुरूप हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन हिंदी प्रवक्ता शम्स तबरेज खान एवं इतिहास प्रवक्ता जनाब मोहम्मद जमील खान ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को प्रभावित किया।
