मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र-378 में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “बूथ अध्यक्ष सम्मेलन” में संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व महानगर अध्यक्ष वाराणसी विद्यासागर राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा नेता पीयूष राय सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा नेता पीयूष राय ने कहा कि “संगठन ही शक्ति है और बूथ ही हमारा विजय पथ है।” उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की वास्तविक ताकत हैं। उनके समर्पण, परिश्रम और जनसंपर्क के बल पर भारतीय जनता पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीतते हुए आगे बढ़ रही है। मुख्य अतिथि विद्यासागर राय ने बूथ अध्यक्षों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पार्टी की सफलता की सबसे मजबूत कड़ी बूथ स्तर का कार्यकर्ता होता है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से संगठन की नीतियों एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। सम्मेलन के दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा, सदस्यता विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा प्रत्येक बूथ को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी चुनावों में प्रत्येक बूथ पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन ही शक्ति है और बूथ ही हमारा विजय पथ – पीयूष राय
