करीमुद्दीनपुर स्टेशन पर अब रुकेगी एलटीटी-बलिया एक्सप्रेस, हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे ओम प्रकाश राजभर

An image for the post

वाराणसी/गाज़ीपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बलिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस को करीमुद्दीनपुर स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 17 अगस्त 2026 से प्रभावी होगी।

करीमुद्दीनपुर स्टेशन पर आयोजित समारोह में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर 17 अगस्त को दोपहर 1:13 बजे गाड़ी संख्या 11072 बलिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के ठहराव का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।

कार्यक्रम में बलिया के लोकसभा सांसद सनातन पाण्डेय, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल तथा वाराणसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा समेत वरिष्ठ रेल अधिकारी मौजूद रहेंगे।

रेलवे के अनुसार लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 16 अगस्त से चलने वाली 11071 एक्सप्रेस करीमुद्दीनपुर स्टेशन पर रात 9:53 बजे पहुंचेगी और 9:55 बजे रवाना होगी। वहीं बलिया से 17 अगस्त से चलने वाली 11072 एक्सप्रेस दोपहर 1:13 बजे पहुंचेगी और 1:15 बजे रवाना होगी। यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर प्रदान किया गया है।