सीबीएसई क्लस्टर-5 में सनशाइन पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते 6 पदक

An image for the post

गाजीपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), नई दिल्ली द्वारा आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-5 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सनशाइन पब्लिक स्कूल, जमानियां के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 6 पदक हासिल किए। इनमें कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई किया है। एम.एल. पब्लिक स्कूल, सारनाथ वाराणसी में आयोजित बालक वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रदेश के 121 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया।

इसमें सनशाइन पब्लिक स्कूल के छात्र अभिषेक सिंह यादव ने लॉन्ग जंप में रजत पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक भी जीता। पार्थ राय ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-14 वर्ग की 4×100 मीटर रिले रेस में पार्थ राय, साजिद खान, आयुष कुमार सिंह और अभिषेक सिंह यादव की टीम ने रजत पदक जीता। वहीं अंडर-17 वर्ग की 4×400 मीटर रिले रेस में शुभम यादव, आर्यन यादव, अमन कुमार सिंह और रत्नेश पाठक की टीम ने रजत पदक अपने नाम किया।

बालिका वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता सेंट माइकल स्कूल, बलिया में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश के 125 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। सनशाइन पब्लिक स्कूल की छात्रा कुमारी रोशनी ने शॉटपुट प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन सर्वानंद सिंह, अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह, प्रबंध निदेशिका पूजा सिंह और प्रधानाचार्य ए.के. बघेल ने पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने भी पदक विजेता छात्र-छात्राओं का करतल ध्वनि के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।