जमानिया नगर पालिका में सभासदों का आंदोलन आठवें दिन भी जारी, सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

An image for the post

गाज़ीपुर। नगर पालिका परिषद में कथित भ्रष्टाचार, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के पीएफ में अनियमितता और मनमाने रवैये के विरोध में सभासदों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे सभासदों का अनिश्चितकालीन आंदोलन सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान सभासदों ने काली पट्टी बांधकर पालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। धरनारत सभासदों और चीफ रेवेन्यू ऑफिसर (सीआरओ) सुनील कुमार के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही। सभासदों ने प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासन को स्वीकार नहीं किया और मांगों के निस्तारण तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। वार्ड संख्या 20 के भाजपा सभासद विकास जायसवाल जुगनू ने कहा कि सीआरओ की ओर से दिए गए आश्वासन से वे संतुष्ट नहीं हैं। प्रशासन 11 सूत्रीय मांगों के निस्तारण के लिए एक महीने का समय मांग रहा है, जिसे सभासद स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो सभी सभासद जिलाधिकारी को सामूहिक इस्तीफा सौंप देंगे। वार्ड संख्या 10 के भाजपा सभासद सुरेंद्र चौधरी उर्फ साधु ने कहा कि गृहकर में भारी वृद्धि से आम जनता परेशान है। विशेषकर मलिन बस्तियों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता जनप्रतिनिधियों से जवाब मांग रही है, जबकि अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है। वहीं वार्ड संख्या 14 के सभासद एवं भाजपा नगर महामंत्री राकेश कुमार प्रजापति ने भी असंतोष जताते हुए सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सभासदों की मांगों और लगाए गए आरोपों की न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। इधर, सीआरओ सुनील कुमार ने बताया कि सभासदों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को बिंदुवार सुना गया है। प्रशासन को 11 सूत्रीय मांग पत्र प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि मांगों, गृहकर समेत अन्य मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए जांच टीम गठित की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सीआरओ ने सभासदों से अनावश्यक रूप से धरने पर न बैठने और आंदोलन समाप्त करने की अपील की, लेकिन सभासद अपनी मांगों पर अड़े रहे। धरने में सभासद प्रमोद यादव, राहुल वर्मा, सचिन वर्मा, विकास जायसवाल, मोहन गुप्ता, अंजनी गुप्ता समेत दर्जनों सभासद मौजूद रहे।