गाजीपुर। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निर्देशन में संचालित संस्था सीएससी द्वारा जनपद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार को की गई। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न सीएससी केंद्रों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर स्वतंत्रता दिवस के महापर्व में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। सीएससी के जिला प्रबंधक शिवानंद उपाध्याय ने बताया कि मंत्रालय के निर्देश के क्रम में सभी सीएससी केंद्रों के माध्यम से तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत पहले दिन आधार सेवा केंद्र सहित जनपद के करीब 50 सीएससी केंद्रों पर राष्ट्रीय ध्वज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को सभी ब्लॉक मुख्यालयों से बाइक रैली और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 15 अगस्त को ध्वजारोहण के साथ सरकारी सेवाओं के संचालन में बेहतर कार्य करने वाले सीएससी संचालकों को सम्मानित किया जाएगा। जिला प्रबंधक ने बताया कि गाजीपुर में करीब 3,000 से अधिक जनसेवा केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार हुआ है। अब लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, बैंकिंग सेवाओं, आधार समेत विभिन्न ऑनलाइन सुविधाओं के लिए शहर का चक्कर नहीं लगाना पड़ता। ग्रामीण स्तर पर ही लोगों को अनेक सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार जनपद की हर पंचायत में स्वतंत्रता दिवस के महोत्सव को भव्य और शानदार तरीके से मनाने का प्रयास किया जाएगा। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
सीएससी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का गाजीपुर में आगाज, 50 केंद्रों पर बांटे गए तिरंगे
