भीमापार, गाज़ीपुर। प्रतिभा संसाधनों की मोहताज न बने, इसके लिए सादात के उच्च प्राथमिक विद्यालय परिवार में शुक्रवार को ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान सुभाष राजभर की पहल सराहनीय साबित हो रही है। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) में जनपद में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यालय के विद्यार्थियों से प्रेरित होकर उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराने की पहल शुरू की। इसके तहत तीन वर्षों में अब तक 127 विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए अध्ययन सामग्री दी जा चुकी है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने वर्ष 2022 और 2023 में एनएमएमएस परीक्षा में जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया था। इसके बाद पूर्व प्रधान ने जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में मदद करने का संकल्प लिया। इसी क्रम में इस वर्ष 37, पिछले वर्ष 43 और उससे पहले 47 विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित की गईं। इस तरह तीन वर्षों में कुल 127 विद्यार्थी इस पहल से लाभान्वित हो चुके हैं। सहायक अध्यापक बिंध्याचल मौर्य ने बताया कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों के मार्गदर्शन, बच्चों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पूर्व प्रधान की ओर से पुस्तकें उपलब्ध कराने से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में सहूलियत मिलती है। साथ ही उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई और सफलता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। समाज के जागरूक लोगों की ऐसी पहल ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही अन्य लोगों को भी विद्यार्थियों की मदद के लिए प्रेरित करती है। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मुन्नीलाल राम, वरिष्ठ अध्यापक अवधेश सिंह यादव, अशोक कुमार, लालजी कुशवाहा, कुमारी सरिता, रामदरस यादव, रमेश यादव, दिलशेर यादव और अभिषेक कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
एनएमएमएस में जनपद टॉपर विद्यालय के 127 विद्यार्थियों को मिलीं निःशुल्क पुस्तकें
