विधायक ओमप्रकाश सिंह ने रोपे 101 पौधे

An image for the post

गाजीपुर। सोनहरियां वन में रविवार को वन विभाग की ओर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में पूर्व पर्यटन मंत्री एवं वर्तमान विधायक ओमप्रकाश सिंह ने विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे रोपे। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और सोनहरियां वन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।

अभियान के तहत चंदन, रुद्राक्ष, पीपल, पाकड़, बरगद, सागौन, अर्जुन, बेल, चितवन और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विधायक ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल को आवश्यक बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी जिम्मेदारी लेने की अपील की। विधायक ओमप्रकाश सिंह ने सोनहरियां वन के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वन को बेहतर स्वरूप देकर क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल कराने की दिशा में पहल की जाएगी, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोग यहां की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक-पौराणिक विरासत से परिचित हो सकें। उन्होंने सोनहरियां वन की धार्मिक और सांस्कृतिक समरसता को इसकी विशेष पहचान बताया।

उन्होंने कहा कि यहां मजार के ठीक बगल में बाबा सिद्धनाथ मंदिर स्थित है, जो प्राकृतिक सौंदर्य के साथ हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। इस विरासत को संरक्षित करते हुए वन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाने से पर्यावरण प्रदूषण से राहत मिलेगी और वातावरण स्वच्छ रहेगा। पेड़-पौधे जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, इसलिए सभी को पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी जयशंकर प्रसाद वर्मा, गंगा पुत्र तिदंडी स्वामी, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी रविकांत, अशोक यादव, अजित राय दारा, अरविंद यादव, सतेन्द्र सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।