गंगा में 40 फीट ऊंचाई से युवाओं का जानलेवा स्टंट, युवकों की तलाश में जुटी पुलिस

An image for the post

गाजीपुर। गंगा की उफनती लहरों के बीच युवाओं के जानलेवा स्टंट का वीडियो सामने आने से हड़कंप मच गया है। वीडियो में कुछ युवक ट्रांसमिशन पिलर के करीब 40 फीट ऊंचे हिस्से से तिरंगा हाथ में लेकर गंगा की तेज धार में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक पिलर के ऊपरी हिस्से पर पहुंचकर दौड़ते हैं और फिर एक-एक कर करीब 40 फीट नीचे गंगा में छलांग लगाते हैं। नदी में तेज बहाव और ऊंची लहरों के बीच इस तरह का स्टंट किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकता है। सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाने के लिए युवाओं में बढ़ रहा खतरनाक स्टंट का चलन चिंता का विषय बन गया है।

लोगों का कहना है कि एक युवक को ऐसा करते देखकर दूसरे युवा भी इसकी नकल कर सकते हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे से पहले इस पर प्रभावी रोक लगाना जरूरी है। स्थानीय लोगों ने गंगा में इस तरह के जानलेवा स्टंट पर तत्काल रोक लगाने और युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए। चौकी इंचार्ज अभिनव गुप्ता ने बताया कि ट्रांसमिशन पिलर से गंगा में छलांग लगाने वाले युवकों की तलाश की जा रही है। उनकी पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे जानलेवा स्टंट पर रोक लगाने के लिए सेतु पर पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी।