गौसपुर गंगा घाट पर स्नान के दौरान तीन युवक डूबे, दो की मौत

An image for the post

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर स्थित गायत्री गंगा घाट पर सोमवार की सुबह स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पैर फिसलने से तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। घाट पर मौजूद मल्लाहों ने एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि दो युवक गंगा की लहरों में समा गए। स्थानीय गोताखोरों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में दोनों युवकों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा नेता पियूष राय ने अस्पताल पहुंचकर स्थित की जानकारी ली और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने दोनों युवकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। मृतकों की पहचान मुहम्मदाबाद नगर के शैव टोला निवासी अरुण पांडेय और गुलशन कुशवाहा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अरुण और गुलशन अपने साथी एवं गुलशन के रिश्तेदार टोडरपुर निवासी शिवम कुशवाहा के साथ सोमवार सुबह गंगा स्नान करने गौसपुर के गायत्री गंगा घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में चले गए। घाट पर मौजूद मल्लाहों ने शिवम को डूबते देखा और उसका हाथ पकड़कर बाहर निकाल लिया। कुछ देर बाद सामान्य होने पर शिवम ने अरुण और गुलशन के भी गहरे पानी में डूबने की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय गोताखोर दोनों युवकों की तलाश में जुट गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही मुहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोनों स्नातक के छात्र थे….

अरुण पांडेय और गुलशन कुशवाहा अपने-अपने परिवार के बड़े बेटे थे। अरुण, त्रियोगी पांडेय के दो बेटों में बड़ा था, जबकि गुलशन संतोष कुशवाहा के दो बेटों में बड़ा था। दोनों नगर के ही महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे। पढ़ाई के साथ दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते थे और परिवार के कामकाज में भी हाथ बंटाते थे। दोनों युवकों की मौत की खबर शैव टोला पहुंचते ही परिवार और मोहल्ले में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गौसपुर गंगा तट के पास डूबे दोनों युवकों को जिला चिकित्सालय भेजा गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।