गहमर में मनाया कारगिल विजय दिवस, पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान

An image for the post

गाजीपुर। एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से गुरुवार को कारगिल विजय दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए अंचल प्रमुख टी. कामेश्वर राव ने कहा कि गहमर केवल एक गांव नहीं, बल्कि वीरों की भूमि है। प्रथम विश्व युद्ध से लेकर कारगिल युद्ध तक यहां के सपूतों ने देश की रक्षा में अपना योगदान दिया है। क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन ने कहा कि यूनियन बैंक को गहमर जैसी पराक्रमी धरती और यहां के लोगों की सेवा करने पर गर्व है। आंचलिक आश्वासन प्रमुख दीप्तिमान गुप्ता ने कहा कि सीमा पर जवान देश की रक्षा कर रहे हैं, वहीं बैंक आर्थिक प्रगति में अपना योगदान दे रहा है। ईको बैंकिंग प्रमुख अजय खरे ने गहमर की सैन्य परंपरा को गौरवशाली बताते हुए कहा कि यह गांव देश को बड़ी संख्या में सैनिक देने के लिए प्रसिद्ध है। इस अवसर पर सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार जन्मेजय सिंह, सूबेदार संतोष सिंह और सूबेदार वीर बहादुर समेत अन्य सैन्यकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम सेवराई गजराज सिंह यादव, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, ईको बैंकिंग प्रमुख गाजीपुर अभिमीत कुमार सहित बैंक के विभिन्न शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।