डायट टीम ने परिषदीय विद्यालयों का किया सहयोगात्मक पर्यवेक्षण, शिक्षण गुणवत्ता का लिया जायजा

An image for the post

भीमापार (गाजीपुर)। परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को डायट प्राचार्य शैलेश कुमार पटेल के निर्देशन में चार सदस्यीय प्रवक्ता टीम ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए सहयोगात्मक पर्यवेक्षण (सपोर्टिव सुपरविजन) किया। इस दौरान टीम ने कक्षा शिक्षण, सहभागी शिक्षण, टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के उपयोग, शिक्षक-छात्र संवाद और निपुण भारत मिशन के तहत संचालित गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया। डायट टीम ने कम्पोजिट विद्यालय खजुरहट, कम्पोजिट विद्यालय जगदीशपुर, प्राथमिक विद्यालय मखदुमपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय मखदुमपुर तथा कम्पोजिट विद्यालय इकरा का भ्रमण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया। कम्पोजिट विद्यालय खजुरहट में स्मार्ट क्लास का भी निरीक्षण किया गया और कक्षाओं में चल रहे शिक्षण कार्य का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्यों ने प्रत्येक कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से पढ़ाए जा रहे विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे और शिक्षकों को संदर्शिका के अनुरूप कक्षा संचालन तथा निपुण लक्ष्य एप के माध्यम से विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का नियमित आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों को प्रभावी कक्षा शिक्षण का डेमो भी प्रस्तुत किया गया। डायट प्रवक्ता एवं मेंटर सुमन तिवारी ने कहा कि नियमित अनुश्रवण और सहयोगात्मक पर्यवेक्षण से परिषदीय विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार होगा। उन्होंने कहा कि डायट की टीम शिक्षकों को हर संभव शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार विद्यालयों का भ्रमण कर रही है। इस अवसर पर डायट प्रवक्ता अर्चना सिंह, नवल किशोर और निधि सहित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह तथा शिक्षक सोनू, पूजा मिश्रा, ऋचा मद्धेशिया, रुखसाना, अनीता, जैनब और गीता राजभर समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।