गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमानियां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 05 बोरी अवैध अंग्रेजी शराब 8 PM के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 86.4 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत पुलिस ने करीब 1.15 लाख रुपये बताई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, चौकी प्रभारी रेलवे स्टेशन उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह हमराह पुलिसकर्मियों के साथ बरेसर नहर पुलिया पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बहादुरपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर एक स्विफ्ट डिजायर वाहन को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर 05 बोरियों में 480 पाउच 8 PM अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाउच में 180 एमएल शराब थी। पुलिस ने मौके से मुन्ना सिंह निवासी रोहतास, बिहार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब और वाहन को कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ थाना जमानियां में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी रेलवे स्टेशन उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह मय हमराह पुलिसकर्मी, थाना जमानियां जनपद गाजीपुर शामिल रहे।
जमानियां में 86.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, बिहार का युवक गिरफ्तार
