गाजीपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम से ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर विकास भवन चौराहे तक आयोजित हुई, जिसमें जनपदीय पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान एसपी ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द को मजबूत बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सरदार पटेल की जयंती पर पुलिस ने निकाली ‘रन फॉर यूनिटी’, एसपी ने दिखाई हरी झंडी
