गाजीपुर। भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर शनिवार को लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष विरेन्द्र चौहान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके योगदान को चिरस्थायी सम्मान देने के लिए गुजरात में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थापित की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंत्योदय से राष्ट्रोदय की संकल्पना के साथ विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना से प्रेरित रहा। उनका संगठन कौशल और दृढ़ निर्णय क्षमता सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। रामनरेश कुशवाहा ने कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर सशक्त, समरस और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा सकता है। अध्यक्षता कर रहे विरेन्द्र चौहान ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रसमर्पण का प्रतीक है। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार जिला महामंत्री अवधेश राजभर ने किया। इस दौरान डॉ. शोभनाथ यादव, विष्णु प्रताप सिंह, शशिकांत शर्मा, सुमन बिंद, विभा पाल, मनोज राय, सुनील सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रही भाजपा : डॉ. संगीता बलवंत
