गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की ओर से शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह भवन, बंशी बाजार में मनाई गई। जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर राष्ट्र की एकता को मजबूत किया। उनका योगदान हमेशा स्वर्णिम अक्षरों में याद किया जाएगा। उन्होंने अहमदाबाद के क्रिकेट स्टेडियम का नाम सरदार पटेल के स्थान पर नरेंद्र मोदी स्टेडियम किए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे पटेल समाज सहित उनके करोड़ों अनुयायियों की भावनाएं आहत हुई हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव थे। उनके विचारों को अपनाकर सामाजिक और राष्ट्रीय एकता मजबूत की जा सकती है। उन्होंने सामाजिक न्याय और पीडीए समाज के अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने नारा दिया कि सरदार पटेल का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, आपसी मतभेदों को छोड़ो, सरदार पटेल से नाता जोड़ो। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलकर सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और समानता को मजबूत करना चाहिए। संचालन जिला महासचिव कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया। गोष्ठी में राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सरदार पटेल के सम्मान और पीडीए के अधिकारों के लिए एकजुट होने का आह्वान
