गाजीपुर। जगदीशपुरम स्थित महात्मा ज्योतिराव फुले पब्लिक स्कूल में शनिवार को लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राजेश कुशवाहा ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने देश के विभिन्न धर्मों, जातियों और क्षेत्रों के लोगों को एकजुट रखने तथा आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य सुदर्शन सिंह कुशवाहा ने कहा कि सरदार पटेल भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक थे। वे छुआछूत और महिलाओं पर होने वाले अत्याचार के विरोधी थे तथा हिंदू-मुस्लिम एकता बनाए रखने के लिए सदैव प्रयासरत रहे। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य राकेश पांडेय, हरि कुशवाहा, दिनकर सिंह, सुरेश प्रसाद चौरसिया, संजीव अग्रहरी, राजनारायण कुशवाहा, अनुपमा वर्मा, बसंत शर्मा, सरस्वती सिंह, कृष्णानंद तिवारी, महेश चौहान, मुकेश कुमार, डॉ. दीपिका, महजबीन बानो सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सरदार पटेल की जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, दी गई श्रद्धांजलि
