गाजीपुर। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने परिचालनिक सुगमता के उद्देश्य से आनन्द बिहार टर्मिनस-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस समेत नौ ट्रेनों के समय में संशोधन किया है। गोरखपुर स्थित पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अलग-अलग ट्रेनों के लिए संशोधित समय 28 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 23 दिसंबर 2026 से लागू होगा। यात्रियों को यात्रा से पहले संशोधित समय-सारिणी की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, आनंद विहार टर्मिनस से 30 अक्टूबर से चलने वाली ट्रेन संख्या 22420 आनंद विहार टर्मिनस-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस जौनपुर से सुबह 7:30 बजे, डोभी से 8:05 बजे और औंड़िहार से 8:25 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन गाजीपुर सिटी सुबह 9:15 बजे पहुंचेगी। 28 अक्टूबर से चलने वाली ट्रेन संख्या 15565 ललितग्राम-नई दिल्ली एक्सप्रेस गाजियाबाद से सुबह 6 बजे प्रस्थान कर नई दिल्ली सुबह 6:45 बजे पहुंचेगी।
इसी तारीख से ट्रेन संख्या 12225 आजमगढ़-दिल्ली एक्सप्रेस गाजियाबाद से सुबह 6:40 बजे छूटकर नई दिल्ली सुबह 7:25 बजे पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 12556 बठिंडा-गोरखपुर एक्सप्रेस 28 अक्टूबर से कानपुर सेंट्रल से सुबह 3:10 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं, 30 अक्टूबर से चलने वाली ट्रेन संख्या 12557 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस आनंद विहार टर्मिनस स्टेशन पर सुबह 7:45 बजे पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 22419 गाजीपुर सिटी-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस भी 30 अक्टूबर से संशोधित समय के अनुसार गाजियाबाद से सुबह 7:25 बजे प्रस्थान कर आनंद विहार टर्मिनस सुबह 8:05 बजे पहुंचेगी। 23 दिसंबर 2026 से ट्रेन संख्या 20104 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस ऐशबाग से सुबह 4:13 बजे प्रस्थान करेगी।
इसी तारीख से ट्रेन संख्या 15119 बनारस-देहरादून एक्सप्रेस बनारस से सुबह 8:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन सेवापुरी से 8:57 बजे, परसीपुर से 9:11 बजे, भदोही से 9:21 बजे, मोठ से 9:31 बजे, सुरियावां से 9:40 बजे और जंघई से सुबह 10 बजे प्रस्थान करेगी।
ट्रेन संख्या 12562 नई दिल्ली-जयनगर एक्सप्रेस 23 दिसंबर से प्रयागराज जंक्शन से सुबह 5:35 बजे और ज्ञानपुर रोड से सुबह 7 बजे प्रस्थान करेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन ट्रेनों के सूचीबद्ध स्टेशनों पर समय में संशोधन किया गया है। शेष स्टेशनों पर ठहराव और समय पहले की तरह यथावत रहेंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना संशोधित समय-सारिणी के अनुसार बनाएं।
