गाजीपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने सनबीम विद्यालय तथा एवरग्रीन विद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों, निगरानी व्यवस्था और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। जनपद में आयोजित PET-2026 की प्रथम पाली में कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर 8,352 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 5,693 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 2,659 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
डीएम-एसपी ने किया PET परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण, 19 केंद्रों पर 2,659 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
