गाजीपुर। नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सोमवार को जमानिया में पैदल रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। रूट मार्च कोतवाली जमानिया और तहसील परिसर से शुरू होकर नगर पालिका रोड, हॉस्पिटल रोड, लोदीपुर, चौधरी मोहल्ला, कंकड़बाघाट, बलुआ घाट चौराहा और बलुआ घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। किसी भी समस्या या शिकायत पर नजदीकी थाने अथवा तहसील प्रशासन से संपर्क किया जा सकता है। शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसपी विनय कुमार सिंह ने लोगों से किसी भी विवाद, संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क है। रूट मार्च के दौरान उपजिलाधिकारी जमानिया, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने से बचने की अपील की।
नवरात्रि-दशहरा को लेकर जमानिया में डीएम-एसपी का रूट मार्च
