गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडों और माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी ने थाना क्षेत्रों में होने वाले अपराधों की प्रकृति और अपराधियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा एवं साक्ष्य संकलन के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने, उन्हें लिंक करने, कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा पुलिस बीट प्रणाली को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही ऑपरेशन दृष्टि/त्रिनेत्र, आईजीआरएस, जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों के निस्तारण और पुलिस पेंशनरों की बैठकों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को लंबित मामलों के प्रभावी निस्तारण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन आयोजित कर विभिन्न थानों और शाखाओं से आए पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक एवं सम्मेलन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष तथा अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
अपराधियों पर सख्ती के निर्देश, महिला अपराधों और आईजीआरएस मामलों की एसपी ने की समीक्षा
