देवघर। शिव सेवा भक्त मंडल ट्रस्ट, मऊ-गाजीपुर की ओर से बाबा मंदिर देवघर से करीब 5 किलोमीटर पहले कांवरियों की सेवा के लिए विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क ठहरने, शरबत, ठंडा पानी, चाय, भोजन और फलाहार की व्यवस्था की गई है। इसी शिविर में पहुँचे जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह के पुत्र रितेश सिंह ने सेवा शिविर की तारीफ की और सेवा का लाभ प्राप्त किया।
यह सेवा शिविर गुरु पूर्णिमा से लेकर रक्षाबंधन तक पूरे सावन माह के दौरान संचालित किया जा रहा है। ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महामंत्री रविकांत पांडेय और कोषाध्यक्ष आशुतोष पांडेय के साथ सदस्य विनोद गुप्ता ने शिविर की व्यवस्थाओं में योगदान दिया।
ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आने वाले कांवरियों को यात्रा के दौरान राहत और सुविधा उपलब्ध कराना है। श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क रखी गई हैं।
