गाजीपुर। बिरनो थाना पुलिस ने मुकदमे में फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 84 के तहत दोनों के खिलाफ उद्घोषणा जारी की है। पुलिस के मुताबिक, जुगुनू उर्फ राकेश यादव और अम्बिका यादव, निवासी बीरबलपुर मठिया, थाना बिरनो, मुकदमा अपराध संख्या 139/2026 में वांछित हैं। दोनों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। न्यायालय से दोनों की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया गया था, लेकिन पुलिस की ओर से वारंट की तामील कराने पहुंचने पर दोनों आरोपी फरार मिले और गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपते रहे। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर धारा 84 के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 22 सितंबर 2026 तक या उससे पहले न्यायालय के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में पेश नहीं होने पर दोनों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फरार दो आरोपियों के खिलाफ धारा 84 की कार्रवाई, 22 सितंबर तक कोर्ट में पेश होने का आदेश
