गाजीपुर। मणिपुर के कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर महिलाओं और लड़कियों के साथ कथित दुर्व्यवहार व अपमान का आरोप लगाते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को सरयू पांडेय पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष साधना राय के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर सांसद तिराहे पर पुतला दहन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा को सर्वोपरि बताते हुए कथित अपमानजनक व्यवहार के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा और सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है। उन्होंने महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना भी की।
महिला मोर्चा की प्रभारी प्रियंका दुबे ने महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र और प्रदेश सरकार काम कर रही हैं।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल को स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर भाजपा की सदस्यता दिलाई। इसके बाद महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सरयू पांडेय पार्क से जुलूस निकाला और सांसद तिराहे पर पुतला दहन कर विरोध जताया। कार्यक्रम का संचालन किरन सिंह ने किया।
अंत में जिलाध्यक्ष साधना राय ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मरदह ब्लॉक प्रशासक सीता सिंह समेत महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
