रक्षाबंधन से पहले गाजीपुर पुलिस का एक्शन, 13 शोहदों पर मुकदमा

An image for the post

गाजीपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए गाजीपुर पुलिस ने तीन दिवसीय मिशन शक्ति विशेष अभियान तेज कर दिया है। 26 से 28 अगस्त तक चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बाजारों, स्कूल-कॉलेजों, मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान अब तक 13 शोहदों और अराजक तत्वों के खिलाफ धारा 296 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं 60 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई और तीन व्यक्तियों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। कई स्थानों पर महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी निगरानी कर रही हैं। सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों से पूछताछ भी की जा रही है। एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने 263 स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान कुल 2,421 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें से 1,706 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी किसी भी शिकायत या घटना की सूचना मिलने पर टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने या महिलाओं से छेड़खानी व उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।