गाजीपुर। छात्रों में शिक्षा के साथ रचनात्मक कौशल विकसित करने के उद्देश्य से महात्मा ज्योति राव फुले पब्लिक स्कूल, जगदीशपुरम रौजा में शुक्रवार को भव्य कला प्रदर्शनी एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व सांसद तथा मुख्य अतिथि जगदीश सिंह कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कला प्रदर्शनी में कक्षा एक से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्रावलियां एवं कलाकृतियां प्रस्तुत कीं।
विद्यार्थियों ने साइबर सिक्योरिटी, मंडाना फोक आर्ट, विकसित भारत, सोनम वांगचुक, पोर्ट्रेट, एग्जाम एक्सेस, स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट, ए-रोबोट, न्यू फ्यूजन आर्ट और वूमेन एम्पावरमेंट सहित कई विषयों को अपनी कला के माध्यम से जीवंत किया। आर्ट एंड क्राफ्ट के अंतर्गत लिप्पन आर्ट, बॉटल आर्ट, पेपर मैशी, फेस आर्ट, पेपर डॉल, वॉल हैंगिंग और झूमर सहित विभिन्न आकर्षक क्राफ्ट वर्क भी प्रदर्शित किए गए। वहीं, विद्यालय परिसर में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने आकर्षक एवं रचनात्मक मेहंदी डिजाइनों के जरिए अपनी कल्पनाशीलता, बारीकी और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि जगदीश सिंह कुशवाहा ने प्रदर्शनी में लगी कलाकृतियों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि चित्रावलियों में प्राचीन और आधुनिक संस्कृति का सुंदर तालमेल दिखाई देता है। विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, संवेदना, सांस्कृतिक एकता, पर्यावरण संरक्षण, शांति और महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुदर्शन सिंह कुशवाहा ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने रंगों, आकारों और विभिन्न कलात्मक माध्यमों के जरिए अपनी कल्पनाओं को अभिव्यक्त किया है।
इस प्रकार के आयोजन बच्चों की कल्पना शक्ति, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और सामाजिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में कला शिक्षकों डॉ. राजीव गुप्ता, धनलक्ष्मी वर्मा और अनिल कुमार सिंह कुशवाहा सहित सभी छात्र-छात्राओं के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक सुरेश प्रसाद चौरसिया, हरि कुशवाहा, दिनकर सिंह, सरस्वती सिंह, संजीव अग्रहरी, महज बीन बानो, डॉ. दीपिका, दीपक कुमार, राज नारायण कुशवाहा, अनुपमा वर्मा, महेश चौहान, कृष्णानंद तिवारी सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य राकेश पांडे ने किया।
