गाजीपुर। कारगिल युद्ध के अमर शहीद जयप्रकाश सिंह यादव की श्रद्धांजलि सभा में गुरुवार को जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह भेलमपुरा पंडितपुरा, पोस्ट मच्छटी पहुंचे। उन्होंने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की रक्षा के लिए उनके अदम्य साहस व बलिदान को नमन किया। श्रद्धांजलि सभा के बाद विधायक ओमप्रकाश सिंह एस.एम. नेशनल इंटर कॉलेज, मच्छटी पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यालय से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाओं और संबंधित विषयों को लेकर जानकारी प्राप्त की।
गौरतलब है कि कारगिल युद्ध के दौरान शहीद जयप्रकाश सिंह यादव 22 ग्रेनेडियर्स की अल्फा कंपनी में तैनात थे। उनकी कंपनी बटालिक सेक्टर के प्वाइंट 5465 पर मोर्चा संभाले हुए थी। 20 अगस्त 1999 की शाम करीब छह बजे दुश्मन ने भारतीय पोस्ट पर भारी गोलाबारी शुरू कर दी। उस समय जयप्रकाश सिंह यादव एलएमजी के साथ मोर्चे पर डटे हुए थे। उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए करीब 350 मीटर दूर दुश्मन के ठिकानों पर लगातार गोलियां बरसाईं, जिससे दुश्मन आगे नहीं बढ़ सका। इसी दौरान दुश्मन की ओर से दागे गए गोले उनके बंकर पर आ गिरे, जिससे वे घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और आखिरी दम तक मोर्चे पर डटे रहे। उनका यह अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान आज भी क्षेत्रवासियों और देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने शहीद जयप्रकाश सिंह यादव के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों और देशभक्ति को याद किया।
