सपा नेता के विवादित बयान पर सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने बोला तीखा हमला

An image for the post

गाजीपुर। सैदपुर में बुधवार को आयोजित समाजवादी पार्टी के पीडीए सम्मेलन में पार्टी नेता द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर बीजेपी की राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने तीखा हमला बोला है। डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं की सोच ही महिलाओं के अपमान से शुरू होती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, खेल और अन्य क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की परंपरा रही है और बीजेपी इसी विचारधारा के साथ महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की बात करती है।

सपा पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि सैदपुर में आयोजित पार्टी के कार्यक्रम में जिस तरह महिलाओं को लेकर टिप्पणी की गई, उससे समाजवादी पार्टी के नेताओं की मानसिकता सामने आ गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को एक सीमित दायरे में बांधकर उन्हें गुलामी का जीवन जीने वाले व्यक्ति के रूप में देखने की सोच बेहद निंदनीय है। डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी भी सभ्य समाज की पहचान है।

उन्होंने विवादित बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।