जमानियां नगर पालिका में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी

An image for the post

जमानियां, गाजीपुर। नगर पालिका परिषद जमानियां में गृहकर वृद्धि, भ्रष्टाचार और कथित तानाशाही रवैये के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान सभासदों ने अध्यक्ष के विरोध में जमकर नारेबाजी की, जिससे नगर पालिका कार्यालय परिसर गूंजता रहा। धरनारत सभासदों ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के कथित आर्थिक एवं मानसिक शोषण पर तत्काल रोक लगाने, उनकी नियुक्ति प्रक्रिया और पिछले दो वर्षों में की गई पीएफ कटौती का विवरण सार्वजनिक करने तथा इसमें हुई कथित धांधली की जांच कराने की मांग की। सभासदों ने नामांतरण में कथित अवैध वसूली, बढ़े हुए गृहकर और ट्रेड शुल्क को तत्काल समाप्त करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि वार्डों की जनहित से जुड़ी समस्याओं के लिए सभासदों से प्रस्ताव लेकर तत्काल टेंडर प्रक्रिया पूरी कर विकास कार्य कराया जाना चाहिए। इसके अलावा नगर पालिका द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत अथवा निकाले गए विकास कार्यों के टेंडर और वित्तीय पत्रावलियों की निष्पक्ष जांच के लिए प्रशासनिक समिति गठित करने की मांग की गई। सभासदों ने आरोप लगाया कि 15 अप्रैल को बुलाई गई बोर्ड बैठक कोरम के अभाव में अधिशासी अधिकारी द्वारा स्थगित कर दिया गया था, इसके बावजूद अध्यक्ष ने कथित रूप से अनैतिक तरीके से प्रस्ताव पारित करा लिया। उन्होंने इन प्रस्तावों की जांच कराने और दोबारा बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की। धरने में सभासद प्रमोद यादव, राहुल वर्मा, सचिन वर्मा, विकास जायसवाल, मनीष यादव, मोहन गुप्ता, सुरेंद्र चौधरी, अंजनी गुप्ता, राकेश प्रजापति, राजा चौधरी, आशिम खां, रजनीकांत उपाध्याय, राजा बाबू समेत सभासद प्रतिनिधि शिवबचन यादव, उमराव यादव, अरशद मंसूरी, शमीम अंसारी और आमिर उर्फ गोलू सहित 18 सभासद मौजूद रहे।