ट्रेलर की टक्कर से दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत, हाईवे पर मचा कोहराम

An image for the post

रेवतीपुर, गाज़ीपुर। ताड़ीघाट-बारा हाईवे पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो जिगरी दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक भदौरा में दोस्त की पार्टी में शामिल होने के बाद बाइक से अपने गांव अंवती लौट रहे थे। उतरौली दलित बस्ती के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के अंवती गांव निवासी सतीश उर्फ गोलू (23) और लालबहादुर उर्फ भोला (24) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक लालबहादुर चला रहा था। टक्कर के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

दोस्तों की मौत से आक्रोश, ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम…

हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने ताड़ीघाट-बारा हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मौके से भाग रहे ट्रेलर के खलासी को ट्रेलर समेत पकड़ लिया, जबकि हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।

बीएससी एजी का छात्र था लालबहादुर…

मृतक लालबहादुर उर्फ भोला दो भाइयों में छोटा था और बीएससी एजी की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता रमेश कुशवाहा सेना से सेवानिवृत्त हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां ऊषा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने बेटे के भविष्य को लेकर बड़े सपने संजोए थे, लेकिन एक सड़क हादसे ने सब कुछ छीन लिया।

सतीश के पिता की पहले ही हो चुकी थी मौत…

दूसरे मृतक सतीश उर्फ गोलू के पिता कन्हैया का पहले ही निधन हो चुका था। सतीश इंटर पास करने के बाद घर पर रहता था और तीन भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां शैल कुमारी सहित पूरा परिवार बेसुध हो गया।

एक साथ निकलीं दो दोस्तों की अर्थियां…

दोनों युवक गहरे दोस्त थे और अक्सर साथ रहते थे। गुरुवार रात भी दोनों पार्टी से साथ लौट रहे थे, लेकिन किसी को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। शुक्रवार को अंवती गांव में दोनों दोस्तों की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरा गांव गम में डूब गया। ग्रामीणों ने हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर चिंता जताई और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रेलर के खलासी को ट्रेलर समेत पकड़ लिया गया है, जबकि चालक की तलाश जारी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।