K.L. इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

An image for the post

गाजीपुर। सकरा-जैतपुरा स्थित K.L. International School में रक्षाबंधन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। विद्यालय के संस्थापक एवं माननीय विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा कोऑर्डिनेटर सुमित सर और आकाश सर के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। इस दौरान छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधी और एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल रहा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार यादव ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपसी प्रेम, सम्मान, विश्वास, जिम्मेदारी और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को रिश्तों की गरिमा बनाए रखने और एक-दूसरे के प्रति सम्मान व सहयोग की भावना रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक त्योहारों से जोड़ने के साथ-साथ भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के महत्व से परिचित कराना था। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर सुमित सर, आकाश सर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने विद्यालय परिसर में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की भावना को और मजबूत किया।