जनेश्वर मिश्र के व्यक्तित्व और कृतित्व को किया याद

An image for the post

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी गाजीपुर के तत्वावधान में बुधवार को समता भवन स्थित पार्टी कार्यालय पर समाजवादी पुरोधा जनेश्वर मिश्र की जयंती पर माल्यार्पण एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जनेश्वर मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और समाजवादी आंदोलन में योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य वक्ता एवं पीजी कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर श्रीकांत पांडेय ने जनेश्वर मिश्र को जन सरोकारों से जुड़े खांटी समाजवादी नेता बताते हुए कहा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव की रक्षा कर सके। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र समाजवादी आंदोलन के प्रमुख स्तंभ थे। उन्होंने उनके संघर्ष, सादगी और जनहित के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा हैं। पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद ने कहा कि जनेश्वर मिश्र सरलता और सादगी के प्रतीक थे तथा सामाजिक और राजनीतिक जीवन में महिलाओं की भागीदारी के समर्थक थे। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने उनके संघर्षशील व्यक्तित्व का स्मरण करते हुए कहा कि वे आजीवन सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्षरत रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. नन्हकू यादव, प्रदेश सचिव सुशील जायसवाल, रविंद्र प्रताप यादव, सदानंद यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, निजामुद्दीन खां, तहसीन अहमद, डॉ. समीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। गोष्ठी का संचालन जिला सचिव जयराम भारती ने किया।