गाजीपुर के 400 ग्राम प्रहरियों को मानदेय वृद्धि की सौगात, डीएम-एसपी ने दी बधाई

An image for the post

गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह कार्यक्रम से मंगलवार को गाजीपुर के 400 ग्राम प्रहरी ऑनलाइन जुड़े। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम का एलसीडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की घोषणा की। इससे उन्हें प्रतिमाह 1000 रुपये और सालाना 12 हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। इसके साथ ही ग्राम प्रहरी के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मानदेय वृद्धि पर ग्राम प्रहरियों को बधाई दी। पुलिस अधीक्षक ने आगामी नवरात्र और त्योहारों के मद्देनजर गांवों में सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि और आपराधिक सूचना की जानकारी तत्काल संबंधित थाने या बीट आरक्षी को देने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर और क्षेत्राधिकारी लाइन सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों की समस्याएं सुनते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।