गाज़ीपुर। जमानियां कोतवाली क्षेत्र में बीती देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेजा। पुलिस ने घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इन हादसों का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही मान रही है।पुलिस के अनुसार, मृतकों में से एक की पहचान पचोखर गांव निवासी उत्तम उर्फ गोलू गुप्ता (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।पहला हादसा कोतवाली क्षेत्र के दौदही के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि उत्तम उर्फ गोलू गुप्ता देर रात साइकिल से जमानियां की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उत्तम की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।उत्तम चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और घर पर रहकर परिवार का सहयोग करता था। उसके पिता मनोज उर्फ मुन्ना गुप्ता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।दूसरी दुर्घटना कोतवाली क्षेत्र के बरेसर के समीप हुई। पुलिस के अनुसार, दो बाइक सवार एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनकी बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक पर सवार करीब 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।चौकी प्रभारी बृजेश्वर यादव ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है। एक मृतक की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरे की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस दोनों हादसों के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत
