गाजीपुर। जिले में तैनात दो आरक्षियों ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर लोअर पीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल की है। आरक्षी नंदेश्वर का सहायक लेखाधिकारी व अमित पासवान का ऑडिटर के पद पर चयन हुआ है। इस उपलब्धि से पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। चयनित आरक्षियों में अमित पासवान और नंदेश्वर यादव शामिल हैं। दोनों वर्तमान में जेडी अभियोजन कार्यालय में तैनात हैं।
अमित पासवान वर्ष 2019 बैच के आरक्षी हैं, जबकि नंदेश्वर यादव वर्ष 2020 बैच के आरक्षी हैं। दोनों आरक्षी गोरखपुर जनपद के मूल निवासी है। पुलिस की ड्यूटी के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए दोनों आरक्षियों ने लोअर पीसीएस परीक्षा की तैयारी की और सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि को सहकर्मियों ने मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम बताया।
अमित पासवान और नंदेश्वर यादव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, जेडी आनंद कुमार व पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के प्रोत्साहन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन ने उन्हें लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। दोनों आरक्षियों की इस सफलता पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
