कांवड़ यात्रा को लेकर गाजीपुर पुलिस अलर्ट, एडीजी ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा

An image for the post

गाजीपुर। अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर की मौजूदगी में गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, ड्रोन कैमरों के प्रभावी इस्तेमाल और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और कांवड़ यात्रा मार्गों पर लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाए। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में हिस्ट्रीशीटरों एवं सक्रिय अपराधियों की निगरानी, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, सत्यापन अभियान, बीट पुलिसिंग और लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित प्रार्थना पत्रों और विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गैंगस्टर और गुंडा अधिनियम से संबंधित अपराधियों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा CCTNS पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियों, ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए प्रत्येक मामले में तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए। बैठक में महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति अभियान, साइबर अपराध की रोकथाम, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई, Zero Fatality District अभियान, Reducing Traffic Congestion (RTC) तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन की भी समीक्षा हुई। वहीं अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी और अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसामान्य की शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। थाना स्तर पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखा जाए। समीक्षा बैठक के बाद अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा गाजीपुर पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण एवं निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।