गाज़ीपुर। बहरियाबाद थाना पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा-कारतूस, लोहे का पाइप और कड़ा, तीन मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक उमेश चंद्र यादव और उपनिरीक्षक सलाहुद्दीन पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ आरोपी ग्राम पलिवार से हरिजन बस्ती और ग्राम गदाईपुर जाने वाले तिराहे के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक सिंह उर्फ बग्गड़ (22) निवासी मोकलपुर, थाना तरवां, आजमगढ़, सुगम उर्फ हर्ष वर्मा (18) निवासी मोकलपुर टोला उसरताला, थाना तरवां, आजमगढ़, अमन सिंह (23) निवासी तरवां बड़कापुरा, आजमगढ़ और जग्गू यादव (22) निवासी शिवरामपुर रामवन, थाना भुड़कुड़ा, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, लोहे का पाइप, लोहे का कड़ा, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 1,040 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ बहरियाबाद थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज है। बहरियाबाद थानाध्यक्ष बासुदेव प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामदगी और आरोपियों से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।
चार शातिर अभियुक्त गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस समेत हथियार बरामद
