गाजीपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को सपा कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह भवन, बंशी बाजार में आदिवासी मुसहर समाज की गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता आदिवासी स्वाभिमान पार्टी बिरसा मुंडा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद मुसहर ने की। मुख्य अतिथि सपा जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी आदिवासी मुसहर समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सम्मान और सामाजिक न्याय के समान अवसर नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में समाज के लोगों का सपा के प्रति समर्थन जताना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। गोपाल सिंह यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आदिवासी मुसहर समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, निजी भूमि और अधिकारों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। अध्यक्षीय संबोधन में आनंद मुसहर ने समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की बात कही। उन्होंने 2027 में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया। गोष्ठी में पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, रामधारी यादव, राजेंद्र वनवासी, डॉ. एके यादव, रसीला आदिवासी, वीरेंद्र वनवासी, बसंती वनवासी, लालमुनि वनवासी समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र वनवासी ने किया।
विश्व आदिवासी दिवस पर मुसहर समाज की गोष्ठी
