जमानिया से जुड़ेगा नागा बाबा उपकेंद्र, अब लो वोल्टेज और बार-बार के फॉल्ट से मिलेगी राहत

An image for the post

गाजीपुर। करंडा ब्लॉक के सईतापट्टी स्थित नागा बाबा विद्युत उपकेंद्र को जमानिया सब स्टेशन से जोड़ने का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। सेतु निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद बिजली विभाग ने कार्य तेज कर दिया है। करीब दो वर्षों से लंबित इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को लो वोल्टेज और बार-बार होने वाले बिजली फॉल्ट से राहत मिलने की उम्मीद है।

ब्लॉक के चोचकपुर, मैनपुर, करंडा और नागा बाबा विद्युत उपकेंद्रों को वर्तमान में 42 किलोमीटर दूर स्थित सैदपुर के जौहरगंज सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति होती है। लंबी दूरी और बढ़ते लोड के कारण लाइन में लगातार फॉल्ट आने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित रहती थी। ग्रामीणों की मांग पर नागा बाबा उपकेंद्र को जमानिया सब स्टेशन से जोड़ने की योजना बनाई गई थी, लेकिन जमानिया पक्का पुल पर लाइन ले जाने के लिए सेतु निगम की एनओसी नहीं मिलने से काम अटका हुआ था। अगस्त 2025 में स्वाभिमान संगठन ने इस मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा था।

अब एनओसी मिलने के बाद विभाग ने उपकेंद्र से पुल तक विभिन्न स्थानों पर बिजली के खंभे लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। योजना के आगे बढ़ने से उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। अवर अभियंता राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सेतु निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिल चुका है। कार्य तेजी से चल रहा है और लगभग एक माह के भीतर नागा बाबा विद्युत उपकेंद्र को जमानिया सब स्टेशन से जोड़कर नई व्यवस्था से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

वहीं सदर विधायक जैकिशन साहू ने बताया कि इस पावर हाउस को जमानिया से जोड़ने के लिए मैं लंबे समय से प्रयासरत हूं। सदन से लेकर अधिकारियों तक इसकी मांग की जा चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बहुत जल्द ही क्षेत्र वासियों को विद्युत समस्या से निजात मिल जाएगी।