जूते स्कूल बैग में रखकर सड़क पार करते हैं बच्चे

An image for the post

गाज़ीपुर। ग्राम सभा फतेहउल्लापुर के कोढ़नियापुर मुख्य मार्ग की हालत इतनी खराब है कि स्कूल जाने वाले बच्चे अपने जूते उतारकर बैग में रखते हैं और कीचड़ से भरी सड़क पार करने के बाद दोबारा पहनते हैं। मंडी समिति के अंतर्गत आने वाली लगभग एक किलोमीटर लंबी यह सड़क वर्षों से बदहाल है। इस मार्ग से कई गाँवों के लोगों का प्रतिदिन आना-जाना होता है। गाँव का प्राथमिक विद्यालय भी इसी सड़क पर है और स्वास्थ्य केंद्र जाने के लिए भी यही मुख्य रास्ता है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण प्रतिदिन लोग गिरते हैं। बुधवार को भी स्कूल जा रहे चार बच्चे इस सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इस अकेली ग्राम सभा में लगभग 60 दिव्यांगजन रहते हैं। जब सामान्य व्यक्ति के लिए इस रास्ते को पार करना कठिन है, तो दिव्यांगजनों की परेशानी का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उनके लिए इस सड़क को पार करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। इस समस्या को लेकर समाजसेवी सिद्धार्थ राय ने उप जिलाधिकारी सदर से मिलकर प्रार्थना पत्र दिया है। माँग की गई है कि तत्काल सड़क के गड्ढों को भरवाकर आवागमन सुरक्षित किया जाए तथा सड़क के पुनर्निर्माण के लिए शीघ्र एस्टीमेट तैयार कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। क्या गाँव के बच्चों को विद्यालय जाने के लिए जूते बैग में रखकर निकलना पड़ेगा? क्या किसी गंभीर दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदार विभाग जागेगा? प्रशासन और मंडी समिति से निवेदन है कि बच्चों, ग्रामीणों, मरीजों और दिव्यांगजनों की सुरक्षा को देखते हुए इस सड़क का तत्काल निर्माण कराया जाए। सड़क कोई सुविधा नहीं, ग्रामीणों का बुनियादी अधिकार है।