गाज़ीपुर। गाजीपुर-भरौली एन एच 31 पर मुहम्मदाबाद इलाके के बलुआ चकतरफिया गांव के पास सोमवार को अपराह्न तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक लक्की गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गयी,वहीं पीछे बैठा उसका साथी सत्यम कन्नौजिया गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। मौजूद लोग घायल सत्यम को इलाज ले लिए सीएचसी ले गये,जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में कर जिला मुख्यालय मर्चरी हाउस भेज दी। गौसपुर गांव का लक्की गुप्ता बाइक से अपने साथी सत्यम को लेकर मुहम्मदाबाद गया था। वहां से कुछ सामान खरीद कर वापस लौटते समय जब वह बलुआ चकतरफिया गांव के पास पहुंचे इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एन एच आई में कार्यरत बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर से सिर में गंभीर चोट लगने से बाइक चला रहे विक्की की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं गंभीर रूप से चोटिल सत्यम को इलाज के जिला चिकित्सालय ले जाया गया। मृतक विक्की चार भाईयों में सबसे बड़ा था। इसके पिता विनोद गुप्ता मुंबई में फल की दुकान करते हैं। इसकी मां चंदा देवी व अन्य भाई वहीं पर है। तीन दिन पूर्व विक्की कक्षा 11 में प्रवेश के लिए गांव आया था। मृतक बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं लगाया था,लोगों में चर्चा थी कि काश हेलमेट लगाया होता तो शायद जान नहीं गयी होती। मृतक के दादा शिवपूजन गुप्ता ने तेज गति से गलत साइड जाकर बोलेरो द्वारा धक्का मारे जाने से पोते की मौत की तहरीर कोतवाली में दी। प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में तहरीर मिली है। पुलिस कार्रवाई में लगी है।
तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
