गाजीपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने से जिले के किसानों के चेहरे खिल उठे। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा स्थित भीलड़ी से देशभर के किसानों के खातों में किस्त का हस्तांतरण किया। इसके तहत गाजीपुर के 4,28,978 किसानों के बैंक खातों में कुल 85 करोड़ 79 लाख 56 हजार रुपये भेजे गए। जिला प्रशासन के अनुसार, जनपद में योजना की शुरुआत से अब तक किसानों को कुल 1,999.56 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की जा चुकी है। योजना के तहत पात्र कृषक परिवारों को कृषि संबंधी जरूरतों की पूर्ति के लिए आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। इस मौके पर राजन सिंह, ब्लॉक प्रमुख बिरनो और एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक ने 72 किसानों को चना, मटर, मसूर और सरसों के निःशुल्क मिनी किट वितरित किए। वहीं कृषि विभाग ने किसानों से अपील की कि आगामी किस्तों का लाभ निर्बाध रूप से पाने के लिए अपने बैंक खाते, आधार और ई-केवाईसी संबंधी विवरण अद्यतन रखें।
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त से खिले किसानों के चेहरे, 4.28 लाख खातों में पहुंचे 85.79 करोड़
