गाजीपुर। सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को नवरात्रि उत्सव धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की मनोहारी झांकी से हुई। प्रबंध निदेशक डॉ. सानंद सिंह, प्रबंधक डॉ. प्रीति सिंह और प्रधानाचार्य चन्द्रसेन तिवारी ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। उत्सव में विद्यार्थियों ने देवी गीत, गरबा और डांडिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर छात्र-छात्राओं के साथ प्रबंध निदेशक, प्रबंधक, प्रधानाचार्य, उपप्रधानाचार्य और शिक्षक भी गरबा-डांडिया में शामिल हुए। रंगोली और दीया सजाओ प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दीया सजाओ प्रतियोगिता के केजी वर्ग में शिवांश मिश्रा (कर्मवीर हाउस) ने प्रथम, अयांश कुशवाहा (अंबेडकर हाउस) ने द्वितीय और आयत खान (अंबेडकर हाउस) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर वर्ग में प्रियांशी चौरसिया (सरदार पटेल हाउस), जूनियर वर्ग में चंदनु तिवारी (ग्रीन हाउस, कक्षा आठ) और सीनियर वर्ग में अंश सिंह (रेड हाउस, कक्षा 12) प्रथम रहे। रंगोली प्रतियोगिता में रेड हाउस प्रथम, ग्रीन हाउस द्वितीय तथा येलो और ब्लू हाउस तृतीय स्थान पर रहे। प्रबंध निदेशक डॉ. सानंद सिंह ने कहा कि मां दुर्गा शक्ति की प्रतीक हैं, जबकि श्रीराम त्याग और पराक्रम के आदर्श हैं। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और मर्यादा का पालन करने की प्रेरणा देता है। प्रबंधक डॉ. प्रीति सिंह ने कहा कि नवरात्रि शक्ति, ज्ञान, साहस और एकता का संदेश देती है। प्रधानाचार्य चन्द्रसेन तिवारी ने बच्चों को सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीसीए हेड प्रतिमा कुशवाहा, डांस टीचर शुभम आर्या और संगीत शिक्षक अभिमन्यु यादव का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन कक्षा आठ की छात्रा चंदनु तिवारी ने किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य आवेश कुमार, संयोजक अमित कुमार सिंह, अनुशासन प्रमुख अवनीश राय सहित शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना नवरात्रि उत्सव, गरबा-डांडिया ने मोहा मन
